Thursday, October 22nd, 2026

राज्यपाल आज दोनों सदनों को करेंगे संबोधित

बिहार
विधानमंडल का बजट सत्र आज यानी शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है। हंगामेदार होने वाले बजट सत्र में कई विधेयक लाए जाने की संभावनाएं हैं। विपक्ष जहां सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है वहीं सत्तापक्ष भी जवाबी कार्रवाई करेगा। एक माह पांच दिन चलने वाले इस सत्र के पहले दिन बिहार विधानमंडल के विस्तारित भवन के सेंट्रल हॉल में राज्यपाल फागू चौहान 11.30 बजे से दोनों सदनों को समवेत संबोधित करेंगे। पहले ही दिन 2020-21 की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश की जाएगी। 22 फरवरी को 2021-22 का बजट पेश किया जाएगा। पहली बार उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद बजट पेश करेंगे। सत्र से जुड़ी हर अपडेट जानिए यहां।

विधानमंडल में पेश होंगे नौ विधेयक
एक माह पांच दिन चलने वाले के इस सत्र के दौरान  राज्य सरकार द्वारा बजट सत्र के दौरान नौ महत्वपूर्ण विधेयक व अध्यादेश पेश किए जा सकते हैं। एक बिल वाणिज्य कर विभाग का आएगा। यह कोरोना संकट के चलते टैक्स संग्रह की अवधि के विस्तार से संबंधित होगा। दूसरा अध्यादेश शिक्षा विभाग का होगा जिसमें राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा परिषद के उपाध्यक्ष के मनोनयन को लेकर टर्म निर्धारण में छूट का संदर्भ रहेगा। अन्य महत्वपूर्ण विधेयक जो इस सत्र में आ सकते हैं उनमें से अधिकांश सरकार के सात निश्चय-2 से जुड़े विभिन्न विभागों के विधेयक होंगे।

बिहार विधानमंडल परिसर में सत्र के दौरान बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित
बिहार विधानमंडल परिसर में सत्र के दौरान बाहरी व्यक्तियों व अनधिकृत वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गए हैं। लिखित अनुमति अथवा बिना प्रवेश पत्र कोई भी विधानमंडल परिसर में प्रवेश नहीं कर पायेंगे। सुरक्षा कारणों से विधानमंडल के गेट संख्या 9 एवं 10 ही प्रवेश के लिए खुले रहेंगे। हर दिन प्रश्नकाल सहित सदन की अन्य कार्यवाही का सीधा प्रसारण आकाशवाणी पटना से किया जाएगा। साथ ही सत्र का सीधा वेबकास्टिंग भी विधानसभा के वेबसाइट पर देखा जा सकता है। डीडी बिहार से भी महत्वपूर्ण कार्यवाही प्रसारित की जाएगी।

 

#विधानमंडल का बजट सत्र

Source : Agency

पाठको की राय